आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को सांसद राघव चड्ढा को राज्यसभा के उपनेता पद से हटा दिया। इस फैसले के बाद राघव चड्ढा ने शुक्रवार को एक वीडियो साझा किया और कहा कि मेरी खामोशी को मेरी हार मत समझना। इस वीडियो के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई कि क्या राघव चड्ढा AAP के साथ बने रहेंगे या किसी अन्य राजनीतिक दल के साथ नई पारी शुरू करेंगे। इसी बीच बीजेपी नेता तेजिंदर बग्गा ने राघव चड्ढा का एक पुराना वीडियो साझा किया, जिसमें वे बीते साल पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर सरकार की कार्रवाई और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की तारीफ करते नजर आए। वीडियो में चड्ढा ने बताया कि आतंकियों ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 26 नागरिकों की जान ली थी और ऐसे हमलों के बावजूद भारत एक निर्णायक राष्ट्र के रूप में उभर रहा है।

