उत्तर प्रदेश की राजनीति में चुनावी सुगबुगाहट शुरू हो गई है। वहीं, चुनाव को लेकर तरह-तरह की रणनीति और बयानों का दौर चल रहा है। इस बीच लखनऊ में शुरू हुए नौ दिवसीय श्री राम कथा के दूसरे दिन जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज ने ऐसा बयान दिया, जिस पर सियासी हलचल तेज हो गई है। मीडिया को कथा के पहले दिए गए इंटरव्यू में जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने कहा कि मैं आपसे कहा रहा हूं, यूपी एक बार फिर कमल खिलेगा। जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने पहले दिन की कथा के बीच कहा था कि भगवान की कृपा से देश सुरक्षित और सशक्त है।
सीएम योगी आदित्यनाथ के गाय को लेकर दिए गए बयान पर भी जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि गाय विश्व माता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने बिल्कुल ठीक कहा है। गाय स्वयं मां हैं, गोवध बंद होने का एक ही उपाय है, अगले निर्वाचन में हिंदुत्ववादियों को 370 सीटें मिल जाएं तो तुरंत गोवध बंद हो जाएगा। हम लोग गोवध बंद करवाकर रहेंगे, लेकिन हमको हिंदुत्ववादियों की 370 सीटें लोकसभा में चाहिए। यह 2029 तक हो जाएगा।

