2027 विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए यूपी बीजेपी ने आज अपनी नई संगठन टीम की घोषणा की। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अगुवाई में बनाई गई इस टीम में कुल 64 नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं, जिनमें 19 उपाध्यक्ष, महासचिव, मोर्चा अध्यक्ष और 6 क्षेत्रीय अध्यक्ष शामिल हैं।
इस टीम में सबसे चर्चित नाम सपा से बागी हुईं पूर्व विधायक पूजा पाल का है। इलाहाबाद वेस्ट से विधायक रहीं पूजा पाल को यूपी बीजेपी का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। अतीक अहमद जैसे मुद्दों पर योगी सरकार का खुलकर समर्थन करने के बाद सपा से अलग हुईं पूजा पाल का बीजेपी में आना विपक्षी खेमे के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
प्रतापगढ़ के लालगंज से आने वाले रोहित मिश्रा को बीजेपी युवा मोर्चा (BJYM) यूपी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में 2016-17 में ABVP से छात्र संघ अध्यक्ष रहे रोहित मिश्रा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनकी नियुक्ति को ब्राह्मण और युवा वोट बैंक को साधने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के छोटे बेटे नीरज सिंह को भी पार्टी ने उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके अलावा सुरेश राणा, डॉ. कीर्तिका अग्रवाल समेत कुल 19 उपाध्यक्ष घोषित किए गए हैं। 6 मोर्चा अध्यक्षों और सभी 6 क्षेत्रीय अध्यक्षों को भी बदला गया है।

