संभल/बहजोई। फिल्म ‘यादव-जी की लव स्टोरी’ को लेकर जनपद संभल में विरोध-प्रदर्शन तेज हो गया है। फिल्म के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बावजूद यादव समाज के लोगों का आक्रोश कम नहीं हुआ है। गुरुवार को भाजपा के पूर्व विधायक अजीत कुमार राजू यादव के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने विरोध मार्च निकालकर फिल्म पर रोक लगाने की मांग की।
पूर्व विधायक अजीत कुमार राजू यादव ने तहसील गुन्नौर के बबराला स्थित अपने आवास से समर्थकों के साथ मार्च की शुरुआत की। यह मार्च जिला मुख्यालय बहजोई पहुंचा, जहां कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन करते हुए डिप्टी कलेक्टर नीतू रानी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में फिल्म की रिलीज पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग की गई। पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि फिल्म में यादव समाज के चरित्र को गलत और आपत्तिजनक ढंग से प्रस्तुत किया गया है, जिससे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी फिल्मों से सामाजिक सौहार्द प्रभावित होता है और सरकार को इस पर गंभीरता से संज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि मामले में एक मुकदमा दर्ज हो चुका है और अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। प्रदर्शन में उमेश यादव विष्णु यादव, वीरेश यादव, सुखबीर यादव, मनोज यादव, सुरेश यादव, पूर्व प्रधान हरेंद्र यादव, संतोष, हरिओम कुमार समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। जनपद में इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज है। प्रशासन ने मामले में शांति बनाए रखने की अपील की है।
संभल में ‘यादव-जी की लव स्टोरी’ के विरोध में सड़कों पर उतरे लोग, फिल्म पर प्रतिबंध की उठी मांग
Leave a Comment

