थाना धनारी एवं थाना बहजोई पहुँचकर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सुनीं जनसामान्य की समस्याएँ
थाना समाधान दिवस में प्राप्त भूमि संबंधी विवादों का राजस्व एवं पुलिस टीम संयुक्त रूप से मौके पर जाकर करें निस्तारण…जिलाधिकारी
सम्भल (बहजोई), 23 मई 2026
शासन की मंशा के अनुरूप थाना समाधान दिवस में आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल एवं पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई की अध्यक्षता में थाना धनारी एवं थाना बहजोई में समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
सर्वप्रथम जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना धनारी पहुँचकर जनसामान्य की समस्याओं को सुना गया। समाधान दिवस में चकबंदी, ठियावंदी, कब्जा मुक्त कराने, भूमि की पैमाइश, प्लॉट से अवैध कब्जा हटवाने आदि से संबंधित प्रकरण प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने तहसीलदार को निर्देशित करते हुए कहा कि संबंधित पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर भूमि संबंधी शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त मामलों में संबंधित लेखपाल का नाम एवं मोबाइल नंबर संबंधित को उपलब्ध कराया जाए।
इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा थाने में स्थापित बाल कक्ष एवं मातृ कक्ष का निरीक्षण भी किया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना कोतवाली बहजोई में जनसामान्य की समस्याओं को सुना गया। समाधान दिवस में भूमि में धोखाधड़ी एवं जालसाजी कर अभिलेखों में गलत नाम दर्ज कराने, विरासत, पट्टा, अवैध कब्जा हटवाने, ग्राम खग्गूपुरा में मध्य गंगा नहर पर पुलिया निर्माण, अंश निर्धारण, अंश संशोधन तथा भूमि पर अवैध कब्जे से संबंधित प्रकरण प्राप्त हुए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार रावत, तहसीलदार सतेन्द्र कुमार सिंह, संबंधित थाना प्रभारी एवं अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

