बरेली, 29 जून, 2026: राजभाषा विभाग, पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर के तत्वावधान में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभाकक्ष में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की मार्च-2026 तिमाही की राजभाषा प्रगति समीक्षा बैठक एवं हिन्दी संगोष्ठी का आयोजन मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
बैठक का शुभारंभ अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यू.एस. नाग के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि मंडल में राजभाषा हिन्दी के प्रयोग एवं प्रसार पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा जहाँ कहीं भी अंग्रेजी का प्रयोग हो रहा है, वहाँ नियमानुसार हिन्दी अथवा द्विभाषी प्रयोग सुनिश्चित कराया जा रहा है।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा ने कहा कि इज्जतनगर मंडल में हिन्दी के प्रयोग का सकारात्मक वातावरण है। अधिकांश कार्यालयी पत्राचार एवं टिप्पणियाँ हिन्दी में की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हिन्दी एक सरल, सशक्त एवं प्रभावी भाषा है, जिसे दैनिक कार्यों में अधिकाधिक अपनाना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपने समस्त कार्यालयी कार्यों का शत-प्रतिशत निष्पादन हिन्दी में करने का संकल्प लें।
अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री मनोज कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि प्रत्येक कर्मचारी को हिन्दी का ज्ञान बढ़ाने के साथ-साथ उसका नियमित एवं प्रभावी प्रयोग भी सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा नीति का पूर्णतः अनुपालन हो सके।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, डॉ. श्यामपाल सिंह मौर्य, पूर्व विभागाध्यक्ष (हिन्दी), बरेली कॉलेज, बरेली ने “महान साहित्यकार विष्णु प्रभाकर” के साहित्य एवं व्यक्तित्व पर विस्तृत व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि साहित्य, संगीत और कला मानव जीवन को संवेदनशील एवं समृद्ध बनाते हैं। उन्होंने विष्णु प्रभाकर की प्रमुख कृतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि हिन्दी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय अस्मिता और एकता की आधारशिला है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि कार्यालयों, दैनिक व्यवहार तथा तकनीकी कार्यों में हिन्दी का व्यापक प्रयोग ही राजभाषा के वास्तविक विकास का आधार बनेगा।
कार्यक्रम में मंडल के समस्त शाखा अधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन राजभाषा अधिकारी एवं सहायक कार्मिक अधिकारी श्री बबलू ने किया।
इज्जतनगर मंडल में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक सम्पन्न
Leave a Comment

