महोबा जिले की नीट छात्रा का चर्चित मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया, जब मामले में नया मोड़ आ गया। मां के साथ इलाज कराने आई छात्रा जिला अस्पताल से लापता हो गई। सीसीटीवी फुटेज में छात्रा सड़क पर अकेले दौड़ती नजर आई। घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस ने छात्रा को खोज लिया। छात्रा अपने प्रेमी से मिलने कारागार में गई थी और न्यायालय पहुंचकर जमानत प्रार्थना पत्र देकर उसने आरोपियों को निर्दोष बताया है। पूर्व में उसी प्रेमी पर अपहरण कर प्रताड़ित कर दुष्कर्म का आरोप लगाया था।
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश के छतरपुर जनपद के एक गांव निवासी छात्रा महोबा जनपद मुख्यालय में रहकर नीट की तैयारी कर रही थी। जहां से 30 अप्रैल को वह अचानक रहस्यमय ढंग से लापता हो गई थी। परिजनों ने अपहरण का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में छात्रा को खोज लिया गया था। छात्रा ने युवक पर अपहरण कर दुष्कर्म करने व नशीली इंजेक्शन लगाने और सिगरेट से दागने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद छात्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आरोपी युवक के साथ वायरल हुआ था। वह उसके साथ स्वेच्छा से शादी करते नजर आ रही थी। मामले में जमकर राजनीति हुई थी।

