उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद शहर में प्रवेश करने वाले लोगों को जल्द ही एक नया और आकर्षक एंट्रेंस देखने को मिलेगा। नगर निगम तिगरी गोलचक्कर से एनएच-9 तक के पूरे इलाके को शहर का सबसे खूबसूरत प्रवेश मार्ग बनाने की तैयारी में जुटा है। इसके तहत सड़क, नाला, डिवाइडर, ग्रीन बेल्ट और गोलचक्कर के सौंदर्याकरण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे इस प्रोजेक्ट का सोमवार को मेयर सुनीता दयाल ने अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया।
सोमवार को मेयर सुनीता दयाल मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी के साथ मौके पर पहुंचीं और चल रहे निर्माण व सौंदर्याकरण कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सड़क और नाले का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है, जबकि गोलचक्कर पर स्टेच्यू लगाने और अन्य सौंदर्याकरण कार्य अभी जारी हैं।

