पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपनी गाड़ी की तलाशी को लेकर चुनाव आयोग और भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला है। इस्लामपुर में एक जनसभा के दौरान उन्होंने चुनौती देते हुए कहा, “अगर हिम्मत है तो मेरी गाड़ी रोज चेक करो, लेकिन प्रधानमंत्री की गाड़ी की जांच क्यों नहीं होती?”
ममता बनर्जी ने बताया कि कोलकाता के दमदम एयरपोर्ट जाते समय केंद्रीय बलों ने उनकी गाड़ी रोककर चेकिंग करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि उनके पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है, लेकिन चुनाव के दौरान केवल तृणमूल कांग्रेस (TMC) के चुनिंदा नेताओं को ही निशाना बनाया जा रहा है।
TMC का आरोप है कि चुनाव आयोग के ‘फ्लाइंग स्क्वॉड’ के जरिए पार्टी नेताओं, विशेषकर अभिषेक बनर्जी की गाड़ियों की जानबूझकर सख्त जांच की जा रही है।
ममता ने आरोप लगाया कि BJP चुनाव जीतने के लिए केंद्र सरकार की मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है। पश्चिम बंगाल विधानसभा की 294 सीटों के लिए 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में चुनाव होंगे, जिसके नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

