योगी सरकार ने गुरुवार देर रात 12.30 बजे 20 IAS अफसरों का ट्रांसफर कर दिया। इनमें 8 महिला अफसर हैं। 3 अफसर ऐसी हैं, जिन्हें महज 6 महीने में ही हटा दिया गया। इनमें राजस्व विभाग की सचिव सुधा वर्मा, चिकित्सा शिक्षा विभाग की सचिव-महानिदेशक सारिका मोहन और महानिरीक्षक निबंधन नेहा शर्मा हैं।
इसी साल एक जनवरी को हुए ट्रांसफर में इन तीनों महिला अफसरों को महत्वपूर्ण पोस्टिंग दी गई थी। हालांकि, पद संभालने के बाद से ही इनकी शिकायतें सरकार तक पहुंच रही थीं। यही वजह है कि 6 महीने 9 दिन में ही इनका तबादला कर दिया गया।
सुधा वर्मा की विभाग की प्रमुख सचिव अपर्णा यू से अनबन चल रही थी। उन्हें हटाकर श्रमायुक्त बनाया गया है। चिकित्सा शिक्षा विभाग की सचिव और महानिदेशक सारिका मोहन के कामकाज को लेकर भी शिकायतें थीं। उन्हें हटाकर आईजी रजिस्ट्रेशन बनाया है। महानिरीक्षक निबंधन नेहा शर्मा को चिकित्सा शिक्षा विभाग में सचिव और महानिदेशक बनाया गया है।
प्रदेश के मध्यांचल क्षेत्र में गंभीर बिजली संकट और बिजली कटौती के कारण जनता के सड़कों पर उतरने की गाज मध्यांचल विद्युत वितरण निगम की एमडी रिया केजरीवाल पर गिरी है। उन्हें हटाकर विशेष सचिव बाल विकास और पुष्टाहार के पद पर तैनाती दी गई है।
राज्य कर विभाग गौतमबुद्ध नगर के अपर आयुक्त और 2018 बैच के आईएएस अफसर संदीप भागिया को हटा दिया गया है। उन्हें मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी जैसे महत्वपूर्ण पद पर पोस्टिंग दी है।
राज्य कर विभाग के 60 अधिकारियों ने भागिया के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सीएम योगी और मुख्य सचिव एसपी गोयल से शिकायत की थी। भागिया पर अधिकारियों के साथ बदसलूकी करने का आरोप है। 14 जून को एक बैठक में उनकी डांट के बाद एक अधिकारी वेद प्रकाश सिंह की तबीयत बिगड़ गई थी, वे बेहोश हो गए थे।
राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की प्रबंध निदेशक दीपा रंजन का करीब तीन साल बाद तबादला किया गया है। 2013 बैच की IAS दीपा सितंबर 2023 से इस पद पर कार्यरत हैं। उन्हें संस्कृति विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। जबकि, उनके बैच के अधिकांश अफसर जिलों में डीएम के पद पर तैनात हैं।
मथुरा-वृंदावन में व्यापारियों की नाराजगी के बाद नगर आयुक्त जग प्रवेश को हटाया गया है। 2018 बैच के IAS जग प्रवेश को बीते साल मई में मथुरा-वृंदावन नगर निगम का आयुक्त बनाया था। हाल ही में महोली रोड पर नगर आयुक्त के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था।

