1 महीने बाद भी नहीं हुई FIR, पीड़िता ने SP से लगाई गुहार
संवाददाता वंदना शाहजहांपुर
शाहजहांपुर। थाना बंडा क्षेत्र के ग्राम ररूआ में रसूख दिखाकर लूट और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के प्रधान के पति और उनके साथियों ने एक किसान से 36 हजार रुपये नकद और मोटर साइकिल छीन ली। पीड़ित परिवार ने थाना बंडा, एसडीएम पुवायां और अब पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की मांग की है।
पीड़िता नन्ही देवी पत्नी पप्पू वर्मा निवासी ग्राम ररूआ ने बताया कि 21 जून 2026 को सुबह करीब 9 बजे उनके पति पप्पू वर्मा पुवायां में गिरवी पड़ा अपना माल छुड़ाने जा रहे थे। मनरेगा बनी रास्ते में गांव के प्रधान के पति चमन वर्मा, प्रताप पुत्र रामौतार चारपाई डाले बैठे हुए थे पीड़िता के पति को रोककर रोक लिया। विरोध करने पर प्रताप ने अपने भतीजे श्यामू अंशु पुत्र चमन वर्मा को बुला लिया तथा सब लोगों ने मिलकर लाठी-डंडों से मारपीट की गई। आरोपियों ने जेब से 36 हजार रुपये निकाल लिए और मोटर साइकिल संख्या UP-27 BS-4832 भी छीन ली।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने धमकी देते हुए कहा कि “हम प्रधान पति हैं। थाने का गेट और ऑफिस हमने बनवाया है। पुलिस हमारा कुछ नहीं करेगी। अगर शिकायत की तो जान से मार देंगे।”
नन्ही देवी ने 22 जून 2026 को थाना बंडा और 29 जून 2026 को एसडीएम पुवायां को शिकायती पत्र दिया। लेकिन एक महीने बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। बाइक भी अभी तक आरोपियों के कब्जे में है। तंग आकर पीड़िता ने 16 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर को प्रार्थना पत्र देकर लूटी गई रकम और बाइक वापस दिलाने तथा आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

