संभल में स्कूल का छज्जा गिरा, एक बच्चे की मौत, स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान हादसा, दो बच्चे घायल, स्कूल परिसर चीख-पुकार मच गई!
संभल में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान एक निजी स्कूल के मुख्य गेट का छज्जा गिरने से एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आया। एसडीएम विकास चंद्र, सीओ असमोली अमन सिंह और थाना प्रभारी सुधीर पंवार तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद सुबह 11:25 बजे डीएम अंकित खंडेलवाल, एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई और बीएसए अलका शर्मा भी मौके पर पहुंचे।
यह घटना शनिवार सुबह करीब 10 बजे संभल तहसील के थाना असमोली क्षेत्र के मदाला फतेहपुर गांव में स्थित अल हसनैन पब्लिक स्कूल में हुई। स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान स्कूल के मुख्य द्वार पर बना छज्जा अचानक ढह गया। हादसे में छह वर्षीय निजामम पुत्र नईम की मौत हो गई। घायल बच्चों की पहचान सातवीं कक्षा के 11 वर्षीय सैफ अली पुत्र साबुन और पांचवीं कक्षा के 10 वर्षीय शैदाना पुत्र इमरान के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब स्कूल में स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम चल रहा था और बच्चे इसे देखने के लिए जमा थे, तभी स्कूल के मुख्य गेट पर बना छज्जा अचानक भरभराकर नीचे आ गिरा। छज्जे के नीचे दबने से बच्चे घायल हो गए, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्कूल परिसर में अफरा-तफरी फैल गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला।
घायल बच्चों को तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां निज़ाम को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। निज़ाम के परिजनों में इस घटना के बाद गहरा शोक है। थाना प्रभारी सुधीर पंवार ने बताया कि घायल बच्चों को आगे के इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हुए इस दुखद हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

