सर्ववृक्षाणाम् अश्वत्थ: -डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगरपालिका परिषद सरधना, मेरठ में अधिशासी अधिकारी श्रीमती दीपिका शुक्ला एवं मुख्य अतिथि के रूप में सनातन धर्म कॉलेज से पधारे पर्यावरणविद एवं हिंदी-विभाग के प्रोफेसर डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र के नेतृत्व में वृहद पैमाने पर वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया l इस अवसर पर नीम, शमी, इमली, वट, पाकड़, आँवला, पीपल आदि के कई पौधों का वृक्षारोपण किया गया l
इस अवसर पर वृक्षों के पर्यावरणीय महत्व को रेखांकित करते हुए अधिशासी अधिकारी श्रीमती दीपिका शुक्ला ने संत कबीरदास जी के एक दोहे उद्धरण देते हुए कहा कि “वृक्ष कबहुँ नहिं फल भखें, नदी न संचै नीर l परमारथ के कारने साधुन धरा शरीर ll” इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए पर्यावरणविद एवं सनातन धर्म कॉलेज में हिंदी-विभाग के प्रोफेसर डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र ने वेदों, उपनिषदों, आरण्यक ग्रंथों, स्मृतिग्रंथों, सूत्रग्रंथों, रामायण, महाभारत और गीता आदि से विभिन्न उद्धरण देकर वृक्षों के पर्यावरणीय महत्व को स्पष्ट किया l उन्होंने कहा कि जब दुनिया में पर्यावरण संबंधी कोई समस्या नहीं थी उस युग में भी हमारे ऋषियों-मुनियों और तत्वचिंतकों ने पर्यावरण संरक्षण हेतु जो प्रयास किये; इस संबंध में अपने जो विचार अभिव्यक्त किये; वह अद्भुत, अविश्वसनीय, अकल्पनीय और चक्षु को खोलने वाला है l पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन संबंधी जो बातें हम आज धीरे-धीरे समझ पा रहे हैं हमारे ऋषियों-मुनियों ने उसे हजारों वर्ष पूर्व ( वैदिक युग ) में ही समझ लिया था l जब दुनिया के अधिकांश लोग आदिमानव के रूप में नंगे घूम रहे थे तब हमारे पूर्वज ऋषि-मुनि उच्चस्तरीय ज्ञानतत्व और पर्यावरणीय चिंतन के माध्यम से “माता भूमि: पुत्रोsहं पृथिव्या:” का आधारभूत संदेश दे रहे थे और उस चिंतन तक वर्तमान दुनिया अभी तक नहीं पहुंच पाई है; उससे कोसों दूर है जिसका दुष्परिणाम वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन के रूप में परिलक्षित हो रहा है l गीता में भगवान श्रीकृष्ण स्वयं कहते हैं कि “सर्ववृक्षाणाम् अश्वत्थ: l” अर्थात् सभी वृक्षों में मैं अश्वत्थ (पीपल) का वृक्ष हूँ और पीपल के वृक्ष का महत्व वर्तमान समय में सभी को ज्ञात है l इस महत्वपूर्ण अवसर पर नगरपालिका परिषद, सरधना, मेरठ के सभासद श्री शानू जैन, श्री खालिद, श्री मुकेश कुमार, सफाई यूनियन के अध्यक्ष श्री विकी पार्चा, सफाई प्रभारी श्री मुनीश, टैक्स प्रभारी श्री सोहनवीर, श्री हरपाल सिंह, श्री सलमान, शिवानी शर्मा एवं आस्था सहित सभी कर्मचारी उपस्थित रहे l

