ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबरों के बाद उत्तर प्रदेश का बाराबंकी जिला चर्चा में आ गया है। खामेनेई के गुरु रूहोल्लाह खुमैनी के पूर्वज बाराबंकी के किंटूर गांव से जुड़े बताए जाते हैं। स्थानीय लोग दावा करते हैं कि ईरान की 1979 की इस्लामी क्रांति में इस गांव के वंशजों की भागीदारी रही थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बाराबंकी के लोग नवाबों के साथ ईरान की धार्मिक यात्राओं में शामिल होते थे। इस्लामिक क्रांति के प्रमुख नेता रूहोल्लाह खुमैनी के दादा सैयद अहमद मुसावी 18वीं–19वीं शताब्दी के दौरान बाराबंकी के किंटूर गांव में रहते थे।
खामेनेई की मौत की खबर के बाद गांव में रहने वाले खुमैनी के वंशज सैय्यद निहाल मियां ने इसे बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि खामेनेई का सरोकार मजहब और मिल्लत से ऊपर उठकर इंसानियत से था। वहीं डॉ. रेहान काजमी ने इजरायल के हमले में खामेनेई की मौत को ‘शहादत’ बताते हुए इसे अपूरणीय क्षति बताया।
ईरान की इस्लामिक क्रांति के सूत्रधार रूहोल्लाह खुमैनी के दादा सैयद अहमद मुसावी का जन्म 19वीं सदी की शुरुआत में बाराबंकी के किंटूर गांव में हुआ था। यह गांव शिया इस्लामी शिक्षा का एक महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता रहा है।
शिक्षा पूरी करने के बाद 1830 में सैयद अहमद मुसावी ब्रिटिश भारत से इराक के नजफ शहर की धार्मिक यात्रा पर गए। बाद में वे नजफ और फिर ईरान के खुमैन शहर में बस गए। अपनी भारतीय पहचान बनाए रखने के लिए उन्होंने अपने नाम के साथ ‘हिंदी’ शब्द जोड़ा।
ईरानी अभिलेखों में आज भी ‘मुसावी हिंदी’ नाम दर्ज बताया जाता है। उन्होंने ईरान में घर खरीदा और सकीनेह से विवाह किया। उनके तीन बेटियां और एक बेटा हुआ। उनके वंशजों में आगे चलकर रूहोल्लाह खुमैनी का जन्म हुआ।
मुसावी परिवार शिया इस्लाम के सातवें इमाम इमाम मूसा अल-काज़िम के वंशज माने जाते थे और धार्मिक नेतृत्व के लिए सम्मानित थे। 1869 में कर्बला में सैयद अहमद मुसावी का निधन हो गया, लेकिन उनकी विचारधारा उनके वंशजों को प्रभावित करती रही।
1979 में रूहोल्लाह खुमैनी के नेतृत्व में ईरान में क्रांति हुई, जिसने शाह की सत्ता समाप्त कर देश को इस्लामी गणराज्य में बदल दिया। इसके बाद खुमैनी ईरान के सर्वोच्च नेता बने। सर्वोच्च पद पर पहुंचने के बावजूद खुमैनी सादा जीवन जीते थे। वे एक छोटे एक-मंजिला घर में रहते थे और निजी उपयोग के लिए सार्वजनिक धन लेने से इनकार करते थे।

