मण्डलायुक्त श्री आन्जनेय कुमार सिंह एवं डीआईजी श्री मुनिराज जी की उपस्थिति में वर्ष 2026 की प्रथम मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कमिश्नरी सभागार में आयोजित हुई।
बैठक में मण्डलायुक्त ने मण्डल के समस्त जनपदों में मानक के अनुसार निर्धारित जनपद स्तरीय सड़क सुरक्षा की बैठकें आयोजित कराने हेतु निर्देशित किया। संभाग के समस्त सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) को दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु प्रभावी कार्यवाही के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि बिना हेलमेट लगाये एवं तीन सवारी बैठाये दो पहिया वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी चालान की कार्यवाही की जाये। सभी ब्लैक स्पॉट्स पर अल्पकालिक सुधारात्मक कार्यवाही के साथ-साथ दीर्घकालिक सुधारात्मक कार्यवाही की जाये तथा जिसमें मार्किंग, रोड साइनेज, स्पीड टेबल पर मार्किंग आदि हेतु निर्देशित किया गया। सोलेशियम स्कीम के अन्तर्गत मिलने वाली आर्थिक सहायता के संबंध में अवशेष प्रकरणों के त्वरित निस्तारण हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि मानक के अनुसार निर्धारित जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठकें आयोजित करायी जायें।
दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के दृष्टिगत ओवरस्पीड के संबंध में विशेष रूप से डम्परों के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही हेतु मण्डलायुक्त ने निर्देशित किया। ओवरस्पीड ट्रैक्टरों के विरुद्ध भी प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही के निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने कहा कि ओवरस्पीड वाहनों के चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए जाये। यदि दो पहिया वाहन चालक ओवरस्पीड करते हुए तेज गति से ड्राईव करें तो उसको दिन भर थाने में बैठाने के निर्देश दिए। सभी ब्लैक स्पॉट्स पर साईनेज, रिफ्लेक्टर, रम्बल स्ट्रिव, ब्लिंकर लगाने हेतु निर्देशित किया। मण्डलायुक्त द्वारा दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के दृष्टिगत सभी ब्लैक स्पॉट्स पर लाईटिंग की व्यवस्था अतिशीघ्र करने के भी निर्देश दिये गये।
मण्डलायुक्त ने जनपद बिजनौर एवं संभल में दुर्घटनाओं एवं मृतकों की संख्या बढ़ने पर यहाँ पर विशेष रूप से प्रभावी कार्यवाही हेतु निर्देशित किया। साथ-साथ जनपद के अन्य प्रवर्तन अधिकारियों को भी सड़क दुर्घटनाओं की संख्या, मृतकों की संख्या एवं घायलों की संख्या में कमी लाने हेतु प्रभावी कार्यवाही हेतु निर्देशित किया। स्कूल के समय विशेष रूप से अलर्ट रहते हुए बिना हेलमेट एवं बिना लाईसेंस के दो पहिया चालकों के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन एवं रोडवेज बसों के बस अड्डे से बाहर सवारियां उतारने व चढ़ाने पर उनके विरुद्ध चालान की कार्यवाही हेतु निर्देशित किया।
बैठक में मण्डलायुक्त ने सड़क सुरक्षा के विभिन्न अभियोगों यथा-बिना सीट बेल्ट/हेलमेट, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग, ड्रंकन ड्राइविंग, रॉन्ग साईड ड्राइविंग आदि में प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि अनधिकृत/ अवैध संचालित ई-रिक्शाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु सभी जनपदों में थानेवार अभियान चलाये साथ ही ई-रिक्शा/ई-ऑटो को हाइवे पर संचालन न हो इसका विशेष ध्यान दिया दें। दुर्घटनाओं में घायल एवं मृत व्यक्तियों के परिवारजनों को विभिन्न स्कीमों के तहत मिलने वाली सहायता धनराशि के संबंध में अधिकाधिक जागरूक करने हेतु अस्पतालों एवं थानों में होर्डिंग आदि स्थापित कराए जाए। दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों के उपचार हेतु प्रचलित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ त्वरित गति से पीड़ितों को उपलब्ध कराने हेतु संबंधित को निर्देशित किया गया।
बैठक में श्री अतुल कुमार अपर नगर आयुक्त, श्री पंकज वर्मा सचिव मुरादाबाद विकास प्राधिकरण, श्री सुभाष चन्द्र गंगवार पुलिस अधीक्षक यातायात, श्री राजेश सिंह संभागीय परिवहन अधिकारी, श्री संदीप कुमार पंकज संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन, श्री अनुराग यादव आरएम मुरादाबाद, श्री राजेश सिंह सी०ओ० ट्रैफिक, सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

