उत्तराखंड कैडर की 2013 बैच की आईएएस (IAS) वंदना सिंह को केंद्र सरकार ने एक बड़ी और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। केंद्र सरकार ने उन्हें केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भेजते हुए दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) में कमिश्नर (लैंड मैनेजमेंट) के पद पर नियुक्त किया है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, IAS वंदना सिंह की यह नियुक्ति उप सचिव स्तर पर ‘सेंट्रल स्टाफिंग स्कीम’ के तहत की गई है। उनका यह कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तिथि से लेकर अगले चार वर्षों तक या आगामी आदेशों तक प्रभावी रहेगा। वंदना सिंह चौहान उत्तराखंड में रूद्रप्रयाग, अल्मोड़ा और नैनीताल जिलों की डीएम रह चुकी हैं। नैनीताल के हल्द्वानी में हुए दंगे में वंदना ने अपने अनुभव और प्रशासनिक क्षमता का पूरा इस्तेमाल किया। जिससे वह पूरे देश में चर्चित हो गईं।
24 साल की उम्र में पहले प्रयास में यूपीएससी पास किया
उत्तराखंड कैडर की 2013 बैच की आईएएस अधिकारी वंदना सिंह ने महज 24 साल की उम्र में अपने पहले प्रयास में यूपीएससी पास किया। उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में 8 वीं रैंक हासिल की। वह हरियाणा के नसरुल्लागढ़ गांव की रहने वाली हैं। वंदना सिंह के गांव में कोई स्कूल नहीं था और उनके गांव में लड़कियों के लिए पढ़ाई की सोच भी नहीं थी। वंदना सिंह ने अपने परिवार वालों को पढ़ाई के लिए तैयार करवाया। वंदना सिंह ने मुरादाबाद गुरुकुल में से स्कूलिंग की शुरूआत की। इसके बाद हायर एजुकेशन के लिए घर से दूर आना पड़ा। वंदना ने समाज से लड़कर अपने सपनों को पूरा करने की ठानी।

