संबाददाता बंदना शाहजहांपुर
शाहजहांपुर। जिले में छाए घने कोहरे ने एक बार फिर अपनी घातक छाप छोड़ दी। शुक्रवार सुबह मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र के लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुलासनगरा ओवरब्रिज के पास हुई दर्दनाक दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे तक उड़ गए और चालक वाहन टक्कर मारकर फरार हो गया।

घटना में मरने वालों की पहचान ग्राम भमौरी के मझरा गौटिया निवासी पप्पू मौर्य (32) और संजीत यादव (40) के रूप में हुई है। उनके साथी मोहित कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका बरेली के अस्पताल में इलाज जारी है। तीनों बरेली से कटरा की ओर लौट रहे थे, तभी घने कोहरे के बीच अचानक आए अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर मारने वाला वाहन पलक झपकते ही गायब हो गया, जबकि सड़क पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों ने पप्पू और संजीत को मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि पीड़ित परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश तेज की जाएगी।

