लंबे समय से अव्यवस्थित शहरी विस्तार, अवैध कॉलोनियों के बढ़ते दायरे और यातायात जाम की समस्या से जूझ रहे लोनी क्षेत्र को अब नियोजित विकास की दिशा में ले जाने के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने बड़ा कदम उठाया है। प्राधिकरण ने क्षेत्र के लिए एक मिनी पायलट प्रोजेक्ट तैयार किया है, जिसका उद्देश्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, सड़क नेटवर्क को सुधारना और अवैध निर्माण पर रोक लगाना है। इस योजना से न सिर्फ यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है, बल्कि भविष्य में क्षेत्र के व्यवस्थित विकास का रास्ता भी साफ होगा।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की महायोजना-2031 के तहत लोनी क्षेत्र में सड़क संपर्क को मजबूत करने की विस्तृत योजना तैयार की गई है। इसमें टीला मोड़ से पाइपलाइन रोड और अन्य महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी मार्गों का निर्माण शामिल है। वर्तमान में इंद्रप्रस्थ योजना के आसपास सड़क ढांचे की कमी के कारण विकास कार्य बाधित हैं और भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है।

