महाराष्ट्र में हुए हमले में पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल को बचाने वाले इंस्पेक्टर संतोष की बहादुरी लोकसभा सांसद और सुखबीर सिंह की पत्नी हरसिमरत कौर बादल ने सराहना की है। लोकसभा सांसद और सुखबीर सिंह की पत्नी हरसिमरत कौर बादल ने एक्स पर पोस्ट किया कि नांदेड़ में हुए हमले के दौरान सुखबीर सिंह बादल की जान बचाने में बहादुरी दिखाने के लिए मैं महाराष्ट्र पुलिस की स्पेशल प्रोटेक्शन यूनिट के इंस्पेक्टर संतोष वैजनाथ केंद्र को सलाम करती हूं।
हरसिमरत कौर ने आगे कहा कि संतोष, आप सुखबीर और हमलावर के बीच एक ढाल बनकर खड़े रहे और उनकी रक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डाल दी। ऐसा करके आपने हमें याद दिलाया कि वर्दी पहनने का असली मतलब क्या है। खुद से ऊपर अपनी ड्यूटी को रखना और डर से ऊपर हिम्मत को रखना। बादल परिवार आपके प्रति गहरा आभार व्यक्त करता है। आपकी बहादुरी को कभी नहीं भुलाया जा सकेगा। वाहेगुरु आपको जल्द स्वस्थ करें। साथ ही, यशोसाई अस्पताल के डॉक्टरों और पूरे स्टाफ का भी विशेष जिक्र करना चाहूंगी, जिन्होंने हमें सहारा देने के लिए लगातार सेवा की।

