उत्तर प्रदेश के इटावा के सैफई से आई तस्वीर पर राजनीति शुरू हो गई है। दरअसल, एक ड्रोन गेहूं के खेत में क्रैश हो गया। अब इस मामले पर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने चिंता जताई है। साथ ही, उन्होंने सरकार पर हमला बोला है। दरअसल, सैफई के ग्राम नंदपुरा में शुक्रवार शाम मौसम विभाग का एक ड्रोन अचानक गिर पड़ा। इससे हड़कंप मच गया। खेतों के पास गिरे ड्रोन को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोग तरह-तरह की चर्चाएं करने लगे। मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस और दमकल टीम पहुंची। ड्रोन की जांच शुरू की गई। अब इस मामले में अखिलेश यादव चिंता जताते दिखे हैं।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया एक्स पोस्ट में कहा कि युद्ध के वातावरण में अचानक किसी गेहूं के खेत में एक बड़े ड्रोन के गिरने से हड़कंप मच गया। इटावा जिले के सैफई इलाके के नंदपुर गांव में इस घटना से दहशत और अफरातफरी मच गयी। लोगों ने सोचा कहीं कोई मिसाइल तो नहीं, जो युद्ध क्षेत्र से भटक कर यहां आ गिरी है। इस घटना ने लोगों को मानसिक तौर पर काफी परेशान कर दिया।

