संवाददाता वंदना शाहजहांपुर
19 जुलाई को प्रस्तावित लोकार्पण की तैयारियां तेज करने के निर्देश
शाहजहाँपुर, 08 जुलाई 2026। जनपद के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगभग ₹26.3276 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन अत्याधुनिक स्पोर्ट्स स्टेडियम का बुधवार को जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने सीडीओ उत्कर्ष द्विवेदी के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति एवं उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री एस.पी. बामनिया, उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड के एपीएम श्री श्याम, यूपी सिडको के सहायक अभियंता परवेज आलम, जूनियर इंजीनियर अग्रसेन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम निर्माणाधीन तरणताल (स्विमिंग पूल) का निरीक्षण किया। उन्होंने पूल में पानी की गहराई का स्पष्ट अंकन कराने, सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने तथा परिसर की नियमित साफ-सफाई एवं रखरखाव की व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही जिला क्रीड़ा अधिकारी को तैराकी प्रशिक्षण की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए एक पुरुष एवं एक महिला तैराकी प्रशिक्षक को तथा एक जीवन रक्षक (लाइफ गार्ड) को मानदेय पर नियुक्त किए जाने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने बैडमिंटन हॉल, कबड्डी हॉल तथा 400 मीटर सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक का निरीक्षण किया। उन्होंने शेष निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने आगामी 19 जुलाई को माननीय वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना द्वारा प्रस्तावित लोकार्पण एवं उद्घाटन कार्यक्रम को दृष्टिगत रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उद्घाटन से पूर्व स्टेडियम में उपलब्ध कराई जा रही सभी खेल सुविधाएं पूर्ण रूप से तैयार, सुरक्षित तथा उपयोग के लिए उपयुक्त स्थिति में होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्टेडियम में विकसित की जा रही आधुनिक एवं आकर्षक खेल सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि यह खेल परिसर जनपद के खिलाड़ियों के लिए नई पहचान स्थापित करेगा। यहां उपलब्ध होने वाली विश्वस्तरीय सुविधाओं से खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण प्राप्त होगा तथा वे प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि यह परियोजना शाहजहाँपुर में खेल प्रतिभाओं को नई दिशा और नई उड़ान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सिद्ध होगी।

