जिलाधिकारी डाॅ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित अन्य पिछडा वर्ग (अल्पसंख्यक पिछड़ा वर्ग को छोड़कर) के निर्धन व्यक्तियों की पुत्रियों की शादी हेतु अनुदान योजना के अन्तर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु जनपद स्तरीय अनुश्रवण समिति एवं स्वीकृति समिति की बैैठक आयोजित की गयी।
बैठक में बताया गया कि संचालित योजना की पात्रता की शर्तें जैसे- आवेदक (माता-पिता/अभिभावक) शादी अनुदान पोर्टल http://shadianudan-upsdc.gov.in पर रजिस्ट्रेशन हेतु आधार नंबर अंकित कर आधार अभिप्रमाणन की प्रक्रिया मोबाइल पर प्राप्त ओ०टी०पी० के माध्यम से पूर्ण करेंगे। आवेदक की आय शहरी क्षेत्र तथा ग्रामीण क्षेत्र में रू0 1,00,000/- वार्षिक निर्धारित है। आवेदन शादी की दिनांक से 90 दिन पूर्व अथवा 90 दिन पश्चात तक ही स्वीकार्य है किन्तु विवाह की तिथि तथा आवेदन की तिथि की गणना वित्तीय वर्ष अर्थात 01 अप्रैल से 31 मार्च के मध्य की जाती है। आवेदक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी अधिकतम दो पुत्रियों की शादी हेतु अनुदान प्राप्त कर सकता है। पति की मृत्यु के उपरान्त निराश्रित महिला/दिव्यांग आवेदक को वरीयता प्रदान की जायेगी। आवेदन के समय प्रयोग किये जाने वाला बैंक खाता स्वयं आवेदक का होना अनिवार्य है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में योजना के अन्तर्गत 2646 लाभार्थियों को रू0 20,000/- प्रति पुत्री की दर से लाभान्वित किया गया। वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु जनपद को 2548 लाभार्थियों का भौतिक लक्ष्य प्राप्त हुआ है। माह जून, 2026 तक लगभग 500 पात्र आवेदकों को लाभान्वित किया जाना प्रस्तावित है।
वर्तमान में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी के पोर्टल पर अद्यतन स्थिति के अनुसार तहसील स्तर पर 66 आवेदन पत्रों के सापेक्ष 18 आवेदन पत्र आनलाइन अग्रसारित एवं 06 आवेदन पत्र निरस्त तथा 42 आवेदन पत्र आनलाइन अग्रसारण हेतु लम्बित है। इसी प्रकार विकास खण्ड स्तर पर 593 आवेदन पत्रों के सापेक्ष 122 आवेदन पत्र आनलाइन अग्रसारित एवं 34 आवेदन पत्र निरस्त तथा 437 आवेदन पत्र आनलाइन अग्रसारण हेतु लम्बित है।
जिलाधिकारी द्वारा जनहित गारण्टी अधिनियम से आच्छादित योजना के अन्तर्गत सुचारू एवं प्रभावी क्रियान्वयन तथा आनलाइन किये गये आवेदन पत्रों की स्वीकृति प्रदान करते हुए यह भी निर्देशित किया गया कि सम्बन्धित उपजिलाधिकारियों एवं खण्ड विकास अधिकारियों की लाॅगिन पर लम्बित समस्त आनलाइन आवेदन पत्रों का त्वरित गति से जाॅच/सत्यापन कराते हुए आवेदन पत्रों को आनलाइन अग्रसारित कर हार्ड कापी जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि लाभार्थियों को ससमय लाभान्वित किया जा सके।
बैठक में जनपद के उपजिलाधिकारी एवं खण्ड विकास अधिकारी जनपद स्तरीय अनुश्रवण समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
पुत्री विवाह अनुदान योजना: डीएम ने ऑनलाइन आवेदनों के त्वरित सत्यापन पर दिया जोर
Leave a Comment

