सम्भल (बहजोई), 03 जुलाई 2026
आज जिलाधिकारी कार्यालय में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जल निगम (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित ग्रामीण पेयजल पाइपलाइन (हर घर जल) योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जनपद में योजना के अंतर्गत कार्य कर रही कार्यदायी संस्थाओं एल.सी. इन्फ्रा, एन.के.जी. इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड, एसपीएमएल तथा जल निगम (ग्रामीण) के अधिकारियों के साथ विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने एल.सी. इन्फ्रा द्वारा संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए संस्था द्वारा आच्छादित ग्रामों की संख्या, एफएचटीसी (FHTC) कनेक्शन, पेयजल आपूर्ति, क्षेत्रीय समस्याएं, उपलब्ध मैनपावर, ओवरहेड टैंक, क्लोरीनेशन, विद्युत कनेक्शन, पंप हाउस, पुनर्स्थापना कार्य तथा लंबित शिकायतों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में कार्य बाधित नहीं होना चाहिए तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं।
एसपीएमएल की समीक्षा के दौरान संचालित योजनाओं की प्रगति, लक्ष्य, ट्रायल रन, पेयजल की गुणवत्ता तथा पुनर्स्थापना कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एन.के.जी. इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि कार्मिकों के वेतन भुगतान संबंधी कोई शिकायत प्राप्त न हो। सभी भुगतान नियमानुसार एवं समय से किए जाएं तथा कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि ग्रामीण पेयजल पाइपलाइन (हर घर जल) योजना का कार्य निरंतर संचालित रहे। पेयजल की गुणवत्ता, पुनर्स्थापना कार्य तथा प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि योजना के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण उनके द्वारा किया जाएगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सौरभ कुमार पाण्डेय, डिप्टी कलेक्टर अवधेश कुमार, जल निगम (ग्रामीण) के अधिकारी तथा संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
ग्रामीण पेयजल पाइपलाइन (हर घर जल) योजना की समीक्षा, गुणवत्ता एवं समयबद्ध कार्य पर जिलाधिकारी ने दिए निर्देश
Leave a Comment

