बरेली, 16 जुलाई, 2026। पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर की प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. सुषमा माटे ने आज मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यू. एस. नाग की उपस्थिति में मंडल रेलवे चिकित्सालय, इज्जतनगर तथा स्वास्थ्य यूनिट बरेली सिटी का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के आरंभ में मंडल रेलवे चिकित्सालय, इज्जतनगर में उन्होंने चिकित्सालय के बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी), आपातकालीन वार्ड, पैथोलॉजी, औषधि भंडार, अंतःरोगी वार्ड तथा विभिन्न चिकित्सा इकाइयों का गहन अवलोकन कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. माटे ने भर्ती मरीजों से सीधे संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं एवं उपचार व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, संवेदनशील एवं समयबद्ध चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक ने चिकित्सालय परिसर में संचालित निर्माण एवं विकास कार्यों की भी समीक्षा की तथा उपलब्ध व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने चिकित्सालय की उत्कृष्ट साफ-सफाई, सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना की।
निरीक्षण के उपरांत उन्होंने मान्यता प्राप्त रेलवे यूनियनों के प्रतिनिधियों से भेंट कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों पर चर्चा की तथा आवश्यक बिंदुओं पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनोहर कुमार, वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशुतोष शंखधर, मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋषभ गावा, डॉ. प्राची वर्मा तथा डॉ. युसरा हसन सहित चिकित्सालय के अन्य अधिकारी एवं स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित थे।
रेलवे अस्पताल का प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक ने किया निरीक्षण
Leave a Comment

