द्वितीय दिवस में 1564 कर्मी उपस्थित, 76 अनुपस्थित कर्मचारियों के विरुद्ध जनगणना अधिनियम के तहत होगी कार्यवाही
सम्भल, 21 अप्रैल, 2026। भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने हेतु जनपद के विभिन्न चार्जों पर प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों (E&S) का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को प्रशिक्षण का द्वितीय दिवस सम्पन्न हुआ।
द्वितीय दिवस पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.)/जिला जनगणना अधिकारी, सम्भल श्री प्रदीप वर्मा द्वारा तहसील चन्दौसी स्थित एक विद्यालय में संचालित प्रशिक्षण का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने फील्ड ट्रेनर्स के माध्यम से प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रदान किए जा रहे प्रशिक्षण की समीक्षा की तथा जनगणना के महत्व से अवगत कराया।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि इस बार की जनगणना पूर्णतः डिजिटल माध्यम से की जा रही है, अतः प्रशिक्षण की गुणवत्ता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण हो तथा सभी कर्मी इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं सटीकता के साथ संपन्न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी।
उन्होंने यह भी अवगत कराया कि प्रशिक्षण का अगला चरण दिनांक 28 अप्रैल, 2026 से 30 अप्रैल, 2026 के मध्य आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए बैचों का निर्धारण किया जा चुका है। सभी संबंधित कर्मियों को निर्धारित समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रथम चरण के अंतर्गत दिनांक 20 अप्रैल, 2026 से 22 अप्रैल, 2026 तक प्रशिक्षण हेतु जनपद में कुल 36 बैच गठित किए गए हैं, जिनमें कुल 1640 प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रतिभाग करना निर्धारित था। प्रशिक्षण के प्रथम दिवस 1566 कर्मचारी उपस्थित रहे, जबकि 74 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। वहीं द्वितीय दिवस में 1564 कर्मचारी उपस्थित रहे तथा 76 कर्मचारी अनुपस्थित रहे।
अनुपस्थित कर्मचारियों के विरुद्ध जनगणना अधिनियम, 1948 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत आवश्यक कार्यवाही हेतु संबंधित विभागाध्यक्षों को पृथक से पत्र प्रेषित किए जा रहे हैं।

