बिसौली। रामशरण वैद्य आदर्श इंटर कॉलेज मई-बसई में शुक्रवार को माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश की बोर्ड परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की कड़ी निगरानी में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। निर्धारित समय से पूर्व ही परीक्षार्थी केंद्र पर पहुंच गए थे, जहां रामाधार शर्मा, सुधाकर शर्मा, रेनू कुमारी ने प्रवेश से पहले उनकी सघन तलाशी एवं जांच की। कक्ष निरीक्षकों द्वारा पूरी सतर्कता के साथ परीक्षा कराई गई, जिससे नकलविहीन वातावरण बना रहा। केंद्र पर विद्यार्थियों की उपस्थिति और परीक्षा संचालन दोनों ही सुचारू रूप से हुए। केन्द्र व्यवस्थापक डॉ घनश्याम दास ने बताया कि सुबह की पाली में हाईस्कूल गणित में 456 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें 88 ने परीक्षा छोड़ी। वहीं दूसरी पाली में इंटरमीडिएट भौतिक विज्ञान में 338 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें 65 परीक्षार्थी परीक्षा से अनुपस्थित रहे। इस प्रकार दोनों पालियों में मिलाकर कुल 153 परीक्षार्थी परीक्षा से नदारद रहे। परीक्षा अवधि के दौरान पुलिस प्रशासन भी सक्रिय रहा। केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट सचिन कुमार पूर्ति निरीक्षक बदायूं, बाह्य केंद्र व्यवस्थापक विष्णु कांत, परीक्षा प्रभारी विपिन शर्मा, सह प्रभारी हरदीप सिंह, कंप्यूटर ऑपरेटर अमित पाराशरी आदि उपस्थित रहे।

