अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के नेतृत्व में अमेरिकी वार्ताकारों का दल इस्लामाबाद पहुंच गया है। वहीं ईरानी दल भी कल से इस्लामाबाद पहुंचा हुआ है। ईरानी दल ने सबसे पहले पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ से मुलाकात की है। अमेरिका और ईरान इस्लामाबाद में युद्धविराम को लेकर अहम बातचीत करने की तैयारी में हैं। दोनों पक्षों के बीच गहरे अविश्वास, परस्पर विरोधी मांगों और संघर्ष से बाहर निकलने के बढ़ते दबाव के बीच यह वार्ता होने जा रही है। द वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच ‘युद्ध से निकलने का रास्ता खोजने की जरूरत’ के अलावा ज्यादा कुछ कॉमन नहीं लगता। बातचीत से पहले, दोनों देशों ने एक-दूसरे पर गलत नीयत से काम करने का आरोप लगाया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के सार्वजनिक प्रस्ताव को धोखा करार दिया और कहा कि तेहरान होर्मुज स्ट्रेट से शिप ट्रांजिट पर रोक लगाकर बेईमानी कर रहा है। इस बीच ईरान ने पक्की शर्तें रखी हैं। द वॉशिंगटन पोस्ट और द न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, ईरान संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबफ ने कहा कि बातचीत शुरू होने से पहले प्रतिबंधित और ब्लॉक किए गए एसेट्स को रिलीज करने जैसे मुद्दों को सुलझाना होगा। अमेरिकी डेलिगेशन को उपराष्ट्रपति जेडी वेंस लीड कर रहे हैं।

