नेपाल की नई बालेन शाह सरकार के साथ मजबूत संबंध बनाने के लिए अमेरिका और चीनी नेताओं का एक के बाद एक काठमांडू पहुंचना जारी है। खासकर अमेरिकी नेताओं की। एक महीने में अमेरिका के दूसरे नेता नेपाल पहुंचने वाले हैं। पिछले हफ्ते अमेरिका के असिस्टेंट सेक्रेटरी ऑफ स्टेट समीर पॉल कपूर काठमांडू पहुंचे थे और अब भारत में अमेरिका के राजदूत सर्गियो गोर भी काठमांडू जाने वाले हैं। काठमांडू पोस्ट ने दो अधिकारियों के हवाले से बताया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दक्षिण और मध्य एशिया के लिए विशेष दूत सर्गियो गोर 30 अप्रैल को चार-दिवसीय यात्रा पर काठमांडू आने वाले हैं। गोर वर्तमान में भारत में अमेरिकी राजदूत के रूप में कार्यरत हैं और उन्हें ट्रंप के करीबी के तौर पर जाना जाता है।
सर्गियो गोर नई दिल्ली से ही नेपाल के मामलों को भी देख रहे हैं। नेपाल में अमेरिका का फिलहाल कोई राजदूत नहीं है। इसके अलावा ट्रंप ने सर्गियो गोर को दक्षिण और मध्य एशिया के लिए विशेष दूत नियुक्त किया है लिहाजा उनका ओहदा विदेश विभाग के सहायक सचिव समीर पॉल कपूर से भी ऊपर हो गया है, जो पिछले हफ्ते काठमांडू में थे।

