उत्तर प्रदेश का फिरोजाबाद जिला इन दिनों दो अफसरों की प्रशासनिक लड़ाई का अखाड़ा बना हुआ है। यहां के डीएम रमेश रंजन पर टूंडला की तहसीलदार राखी शर्मा ने भ्रष्टाचार और उत्पीड़न के आरोप लगाए है। साथ ही मुख्यमंत्री से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है। राखी ने आरोप लगाया कि डीएम के संरक्षण में करोड़ों का जमीन घोटाला हुआ है। इसमें जिले के कई अफसर और डीएम दफ्तर के कर्मचारी भी शामिल है। राखी ने कहा कि इसमें साथ न देने पर उनका उत्पीड़न किया जा रहा है और सैलरी भी रोक दी गई है। जांच होने पर सभी तथ्य सामने आ जाएंगे। तहसीलदार राखी शर्मा और डीएम रमेश रंजन के बीच कई महीने से आपसी टकराव की खबरें आ रही थी। इस बीच शुक्रवार को राखी शर्मा ने मीडिया के सामने डीएम पर खुलकर आरोप लगाए। राखी ने आरोप लगाया है कि उन पर एक करोड़ रुपये के जमीन घोटाले में मनमाफिक फैसले का दबाव बनाया गया। इससे इनकार करने पर उत्पीड़न किया जाने लगा। इसके लिए उनके खिलाफ जांच शुरू कर दी गई। इसे बंद करने के बदले उनसे 1.75 लाख रुपये का आईफोन लिया गया।

