नन्हें मुन्नों ने धार्मिक प्रस्तुतियों से मोहा सबका मन, स्व. कृष्णा शर्मा की स्मृति में हुआ कार्यक्रम
चंदौसी। श्री राम सांस्कृतिक कला परिषद के अध्यक्ष अशोक शर्मा द्वारा अपने पुत्र स्व. कृष्णा शर्मा की पावन स्मृति में आज, दिनांक 04 जनवरी 2026 को एक भव्य धार्मिक नृत्य प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नगर के विभिन्न स्कूलों और क्षेत्रों से आए नन्हें-मुन्ने बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि चंदौसी नगर पालिका की अध्यक्ष श्रीमती लता वार्ष्णेय एवं डॉ भीमराव अम्बेडकर जूनियर हाई स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती आशा गोस्वामी द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
लता वार्ष्णेय ने बच्चों के हुनर की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में अपनी संस्कृति के प्रति प्रेम और जुड़ाव पैदा होता है।
आशा गोस्वामी ने स्वर्गीय कृष्णा शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिषद के इस प्रयास को प्रेरणादायक बताया।
सांस्कृतिक रंग और संचालन
प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने देवी-देवताओं के स्वरूप धरकर धार्मिक भजनों पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत किए। निर्णायक की भूमिका में विचित्रा गुप्ता, नताशा वार्ष्णेय एवं आशा गोस्वामी रहीं। प्रतियोगिता में प्रथम निहारिका वार्ष्णेय, द्वितीय मिश्का अग्रवाल एवं तृतीय स्थान पर इशानी वार्ष्णेय रही। पूरे कार्यक्रम का कुशल संचालन सर्वेश चीनी द्वारा किया गया, जिन्होंने अपनी ओजस्वी वाणी से कार्यक्रम में उत्साह बनाए रखा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में परिषद के सक्रिय सदस्यों का विशेष सहयोग तथा योगदान रहा, जिनमें मुख्य रूप से पद्मिनी शर्मा, टीटू शर्मा, विकास कुमार मिश्रा (एडवोकेट), लकी शर्मा, सीमा मिश्रा और आदित्य शंखधार आदि शामिल रहे। सभी अतिथियों ने विजेताओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
अध्यक्ष अशोक शर्मा ने अंत में सभी आगंतुकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य बच्चों को कला के माध्यम से धर्म और संस्कारों से जोड़ना है।

