गुन्नौर/धनारी। थाना धनारी क्षेत्र के गांव कुबरी भूढ़ निवासी पुष्पेंद्र पुत्र हुकम सिंह उम्र करीब 27 वर्ष की सोमवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह थाना बबराला क्षेत्र के गांव पतारी की मढ़ैइयां स्थित अपनी ससुराल से अपने गांव लौट रहा था।
जानकारी के अनुसार शाम करीब 7 बजे धनारी थाना क्षेत्र के ग्राम मानपुर तिराहे के पास सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने पुष्पेंद्र की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। सूचना मिलते ही थाना धनारी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में पुष्पेंद्र को तत्काल बहजोई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से भी हालत नाजुक होने पर उसे मुरादाबाद के लिए रेफर किया गया लेकिन मुरादाबाद ले जाते समय रास्ते में ही पुष्पेंद्र ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घर में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और अज्ञात वाहन चालकों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

