अमरोहा, 14 अगस्त 2026। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अमरोहा के तत्वावधान में तथा डीएलएसए सचिव/न्यायाधीश श्री अभिषेक कुमार व्यास के निर्देशन में अब्दुल रजाक लॉ कॉलेज, जोया, जनपद अमरोहा में महिलाओं के साथ कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न से संरक्षण अधिनियम, 2013 के संबंध में विधिक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में अधिकार मित्र श्री लोकमान सिंह ने कार्यक्रम के उद्देश्य तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रदान की जाने वाली विधिक सेवाओं, निःशुल्क विधिक सहायता एवं जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध कराई जाने वाली कानूनी सहायता के संबंध में जानकारी दी।
अधिकार मित्र श्री महेश सिंह ने कॉलेज के स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं को महिलाओं के साथ कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न से संरक्षण अधिनियम, 2013 (POSH Act) के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यस्थल पर किसी महिला के साथ अवांछित शारीरिक संपर्क एवं यौन संबंध बनाने की मांग, यौन प्रकृति की टिप्पणियां या संदेश, अश्लील सामग्री दिखाना तथा अन्य किसी प्रकार का अवांछित यौन व्यवहार लैंगिक उत्पीड़न की श्रेणी में आ सकता है। उन्होंने बताया कि अधिनियम का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्यस्थल उपलब्ध कराना है। संस्थानों में शिकायतों के निवारण के लिए आंतरिक समिति (Internal Committee) की महत्वपूर्ण भूमिका होती है तथा पीड़ित महिला अपनी शिकायत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रस्तुत कर सकती है।
श्री महेश सिंह ने छात्र-छात्राओं को जीवन में लक्ष्य निर्धारण, आत्मविश्वास बढ़ाने, शिक्षा के महत्व तथा डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक एवं प्रेरित किया। उन्होंने साइबर माध्यमों पर निजी जानकारी, फोटो एवं पासवर्ड साझा करने से बचने तथा किसी भी प्रकार के ऑनलाइन उत्पीड़न की स्थिति में उचित माध्यम से शिकायत करने की सलाह दी।
कार्यशाला में 12 सितम्बर को आयोजित होने वाली लोक अदालत तथा निःशुल्क विधिक सहायता की व्यवस्था के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने छात्राओं से आह्वान किया कि किसी भी प्रकार की हिंसा, लैंगिक उत्पीड़न या शोषण की स्थिति में चुप न रहें तथा अपने अभिभावक, शिक्षक, संबंधित समिति या सक्षम प्राधिकारी को इसकी जानकारी दें।
कार्यक्रम में कॉलेज के प्रबंधक श्री रईस अहमद, प्राचार्य श्रीमती हुसन बानो, अधिकार मित्र लोकमान सिंह, महेश सिंह, श्रीमती प्रीति देवी, श्रीमती मोनिका, परवीन सहित कॉलेज के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
महिलाओं के साथ लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम 2013 पर विधिक जागरूकता कार्यशाला आयोजित
Leave a Comment

