उत्तर प्रदेश के बरेली के जिलाधिकारी अविनाश सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। दरअसल, बीते रविवार को वह अल्मोड़ा स्थित जागेश्वर धाम में परिवार के साथ दर्शन करने गए थे। डीएम के साथ असलहा लेकर उनका गनर भी मंदिर के गर्भगृह में चला गया। इस पर विवाद शुरू हो गया है। मंदिर के पुजारियों ने कड़ी आपत्ति जाहिर की है। उनका कहना कि मंदिर की सदियों पुरानी परंपरा का उल्लंघन हुआ है।
पुजारी पंडित नवीन भट्ट का दावा है कि रोके जाने के बावजूद डीएम अविनाश सिंह का गनर कार्बाइन लेकर गर्भगृह में घुस गया। गनर ने कहा कि सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करना उसके लिए जरूरी है। पुजारियों ने उससे कहा कि मंदिर के गर्भगृह में किसी तरह का खतरा नहीं रहता। यहां प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक दर्शन करने आ चुके हैं। उनका कोई भी सुरक्षाकर्मी गर्भगृह में हथियार लेकर नहीं घुसा।

