सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ के दौरान प्रदेश भर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान एक बेटी ने सीएम योगी से उच्च शिक्षा के लिए मदद की गुहार लगाई, जिस पर सीएम ने लखनऊ के किसी संस्थान में बच्ची के प्रवेश दिलाने का आदेश दिया। इसके अलावा पुलिस की अनसुनी और अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतों को लेकर सीएम योगी ने अफसरों को मॉनीटरिंग कर पीड़ितों को न्याय दिलाने का आदेश दिया।
लखनऊ की रहने वाली एक बेटी अपनी बूढ़ी मां के साथ सीएम से मिलने पहुंची थी। बच्ची ने बताया कि उसने इंटरमीडिएट अच्छे अंक से पास किया है। वह आगे बीटेक करना चाहती है, लेकिन पैसे न होने के कारण उसे आगे की पढ़ाई में दिक्कत आ रही है। इसके बाद सीएम योगी ने उसकी मार्कशीट देखी और बच्ची को कहा कि पढ़ाई पर ध्यान दो। आपका प्रवेश किसी अच्छे संस्थान में कराया जाएगा। सरकार किसी भी निर्धन या जरूरतमंद की शिक्षा को बाधित नहीं होने देगी। मुख्यमंत्री का आश्वासन पाकर बच्ची और मां ने सीएम योगी का आभार जताया।

