कुंडा/प्रतापगढ़। प्रदेश की राजनीति में एक सशक्त जनाधार के साथ उभरकर सामने आई राष्ट्रीय लोकतांत्रिक जनसत्ता दल आज लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है। इस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया लंबे समय तक निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव जीतते आए हैं और हर चुनाव में उन्होंने प्रदेश की राजनीति में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। कुछ साल पहले गठित राष्ट्रीय लोकतांत्रिक जनसत्ता दल ने बहुत कम समय में प्रदेश की राजनीति में अपनी मजबूत पहचान बना ली है। पार्टी गठन के बाद एमएलसी, विधायक, ब्लॉक प्रमुख सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर पार्टी के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज कर यह साबित कर दिया कि पार्टी को जनता का व्यापक समर्थन प्राप्त है।
प्रदेश में जहां कई नई राजनीतिक पार्टियां बनीं लेकिन उनका कोई ठोस जनाधार नहीं बन सका, वहीं कुछ पार्टियां बड़े दलों के सहारे अपनी पहचान बनाने में जुटी रहीं। इसके विपरीत राजा भैया की पार्टी ने जमीनी राजनीति और जनसेवा के बल पर अपनी अलग पहचान कायम की है। स्थानीय जनता का कहना है कि पार्टी के सभी पदाधिकारी जनसुलभ, संवेदनशील और हर समय मदद के लिए तत्पर रहते हैं। गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों के सुख-दुख में बिना किसी भेदभाव के साथ खड़े रहना पार्टी की कार्यशैली का प्रमुख आधार है। कई जटिल मामलों का समाधान पार्टी पदाधिकारियों द्वारा आपसी संवाद और समझदारी से कर दिया जाता है। विकास कार्यों की बात हो या सामाजिक समस्याओं का समाधान, कुंडा और बाबागंज विधानसभा क्षेत्र में राजा भैया का परिवार सदैव जनता के साथ खड़ा दिखाई देता है। यही कारण है कि जनता के बीच राजा भैया की लोकप्रियता लगातार बनी हुई है। राजनीतिक विरोधियों द्वारा समय-समय पर राजा भैया की छवि को धूमिल करने के प्रयास किए गए, लेकिन जनता ने हर बार ऐसे प्रयासों को नकार दिया। विरोधी अपने षड्यंत्रों में सफल नहीं हो सके और स्वयं राजनीतिक रूप से धराशायी हो गए, जबकि राजा भैया का जनाधार और प्रभाव निरंतर मजबूत होता गया। राजा भैया अन्य नेताओं से अलग पहचान रखते हैं। वे जो कहते हैं, वही करते हैं और उनके भाषणों में दिखावा नहीं बल्कि सच्चाई और जमीन से जुड़ी बातों की झलक मिलती है। यही वजह है कि जब वे कुंडा स्थित बेती राज भवन में जनता दर्शन के लिए उपलब्ध होते हैं, तो लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ती है। कुल मिलाकर, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक जनसत्ता दल आज प्रदेश की राजनीति में जनसेवा, विश्वास और विकास का प्रतीक बनकर उभर रही है, और आने वाले समय में यह पार्टी एक निर्णायक राजनीतिक शक्ति के रूप में स्थापित होती नजर आ रही है।
राजा भैया की पार्टी ‘राष्ट्रीय लोकतांत्रिक जनसत्ता दल’ बनी जनता की मजबूत आवाज़
Leave a Comment

