अमर उजाला & शाह टाइम्स संवाददाता
रुदायन (बदायूं)
मथुरा:- उत्तर प्रदेश के मथुरा में होली का उल्लास अपने चरम पर है। देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की नगरी में होली महोत्सव का आनंद लेने पहुंचे हैं। मथुरा-वृंदावन में रंग, गुलाल और भक्ति की मस्ती का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।
इसी बीच कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, गोवर्धन क्षेत्र में गिरिराज महाराज की परिक्रमा करने आए श्रद्धालुओं, विशेषकर महिला परिक्रमार्थियों पर जबरन गुलाल फेंकने और हुड़दंग मचाने की शिकायत मिली थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और 17 युवकों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों का कहना है कि ब्रज में होली की परंपरा और मर्यादा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। श्रद्धालुओं से भी अपील की गई है कि वे शांति एवं सौहार्द बनाए रखें और किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
ब्रज में होली का पर्व भक्ति, प्रेम और उल्लास का प्रतीक है, ऐसे में प्रशासन ने साफ कर दिया है कि त्योहार की गरिमा बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।

