सम्भल/चन्दौसी: देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ छात्र आंदोलन की आड़ में सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर की जा रही कथित अभद्र एवं अमर्यादित टिप्पणियों के विरोध में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल चन्दौसी की युवा इकाई ने नगर अध्यक्ष अनुज वार्ष्णेय ‘अन्नू’ के नेतृत्व में आपात बैठक कैथल गेट एक निजी प्रतिष्ठान पर आयोजित की।
बैठक में व्यापारियों ने इस घटनाक्रम पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
बैठक को संबोधित करते हुए युवा नगर अध्यक्ष अनुज वार्ष्णेय ‘अन्नू’ ने कहा कि प्रधानमंत्री देश के सर्वोच्च लोकतांत्रिक पद का प्रतिनिधित्व करते हैं और उनका सम्मान पूरे राष्ट्र का सम्मान है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति और विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन किसी भी संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति के प्रति अभद्र और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किसी भी स्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने प्रशासन से ऐसे मामलों में त्वरित एवं कठोर कार्रवाई करने की मांग की, ताकि सामाजिक सौहार्द और लोकतांत्रिक मर्यादाएं बनी रहें।
भाजपा नेता शुभम अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री सहित अन्य संवैधानिक पदों पर आसीन व्यक्तियों के विरुद्ध अभद्र भाषा का प्रयोग करने वालों के लिए कठोर दंडात्मक प्रावधान किए जाने चाहिए।
भाजपा नेता अभिनव शर्मा ने बताया कि युवा इकाई सोशल मीडिया पर एक जन-जागरूकता अभियान चलाएगी, जिसके माध्यम से लोगों से मर्यादित भाषा और जिम्मेदार अभिव्यक्ति अपनाने की अपील की जाएगी।
वहीं निशांत शर्मा ने कहा कि इस पूरे प्रकरण को लेकर शीघ्र ही स्थानीय प्रशासन के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति एवं गृह मंत्रालय को ज्ञापन भेजा जाएगा।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों और व्यापारियों ने सर्वसम्मति से निंदा प्रस्ताव पारित करते हुए इस प्रकार की भाषा और आचरण की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि यदि ऐसे तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो युवा व्यापार मंडल लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
बैठक में वीरपाल राणा गोविंद वार्ष्णेय दीपक वार्ष्णेय रतन कुमार धर्मेश राणा राजू ठाकुर आशीष रमाकांत शर्मा ऋतिक आदि मौजूद रहे

