आगरा में एक किसान डीएम ऑफिस एक किलो सब्जी लेकर पहुंच गया। डीएम से कहने लगा कि साहब आपका बहुत-बहुत धन्यवाद, मेरा काम हो गया। अब आप मेरी लाई हुई ये सब्जी ले लीजिए। इसके बाद किसान ने ककोड़े से भरा झोला डीएम की मेज पर रख दिया।
किसान का ये भोलापन देख डीएम मनीष बंसल मुस्कुरा उठे। उन्होंने कहा ये तो अनमोल है। मैं इसे कैसे मना कर सकता हूं। दरअसल, किसान तीन साल से अपनी जमीन की पैमाइश के लिए कलेक्ट्रेट के चक्कर लगा रहा था। डीएम से फरियाद के बाद उसका ये काम जल्दी हो गया।

