बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस (निगरानी विभाग) और आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खगड़िया पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता संजय कुमार के ठिकानों पर धावा बोला। शुक्रवार की सुबह से ही डीएसपी शशि शेखर चौधरी के नेतृत्व में निगरानी की टीम संजय कुमार के खगड़िया स्थित आवास और कार्यालय, पटना और बिहार शरीफ के पैतृक घर पर एक साथ छापेमारी कर रही है। अभियंता के खिलाफ 1 करोड़ 1 लाख रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसके बाद अदालत से सर्च वारंट लेकर ये कार्रवाई की गई है।
निगरानी विभाग के डीएसपी शशि शेखर चौधरी के मुताबिक संजय कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया था। जांच में पाया गया कि उन्होंने अपने ज्ञात स्रोतों से करीब 1.01 करोड़ रुपये अधिक की संपत्ति बनाई है। इसी सिलसिले में न्यायालय से तलाशी का वारंट प्राप्त कर सुबह-सुबह सभी ठिकानों पर एक साथ रेड मारी गई।

