सहारनपुर के सभी स्कुलो के वाहनों पर सख्ती: अनफिट गाड़ियों पर कार्रवाई, मान्यता तक होगी रद्द
सहारनपुर: जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सख्त हो गया है। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि अब स्कूलों में अनफिट और असुरक्षित वाहनों का संचालन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
डीएम ने बताया कि छोटे हाथी, पुरानी टाटा मैजिक और टैंपू जैसे वाहनों को स्कूल परिवहन में पूरी तरह प्रतिबंधित किया जा रहा है। शासन की नई गाइडलाइन के अनुसार अब केवल फिटनेस मानकों को पूरा करने वाले वाहनों को ही स्कूल संचालन की अनुमति दी जाएगी।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी स्कूल वाहनों के चालक और परिचालक का प्रशिक्षित होना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही हर वाहन में सीसीटीवी कैमरा लगाना जरूरी किया गया है, ताकि बच्चों की सुरक्षा पर लगातार निगरानी रखी जा सके।
प्रशासन द्वारा एक विशेष पोर्टल भी तैयार किया गया है, जिसमें सभी स्कूल वाहनों का पूरा रिकॉर्ड अपडेट किया जाएगा। बिना मानकों को पूरा किए किसी भी वाहन को सड़क पर चलने की अनुमति नहीं होगी।
डीएम ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी स्कूल में अनफिट या डग्गामार वाहन संचालित होते पाए गए, तो संबंधित स्कूल संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर स्कूल की मान्यता भी रद्द की जा सकती है।
इस पूरे अभियान के लिए प्रशासन ने विशेष टीम गठित कर दी है, जो समय-समय पर स्कूलों की जांच करेगी। डीएम ने सभी स्कूल संचालकों से नियमों का पालन करने और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की है।

