कर्नाटक के परिवहन मंत्री बायराथी सुरेश ने बेंगलुरु में शनिवार रात एक औचक निरीक्षण करने निकले और वह एक बस में चढ़े। इसके बाद जो हुआ उसकी किसी ने कल्पना नहीं की होगी। दरअसल बस के कंडक्टर ने परिवहन मंत्री को बस से नीचे उतरने की हिदायत दे दी।
मंत्री ने बेंगलुरु में 2 घंटे तक 10 से अधिक BMTC बसों में मास्क पहनकर सफर किया, ताकि वह खुद उन सेवाओं का निरीक्षण कर सकें। इस दौरान उन्होंने एक बस के यात्रियों के लिए न रुकने पर ड्राइवर और कंडक्टर को सस्पेंड कर दिया। एक दूसरी बस में, खुले पैसे न होने की वजह से कंडक्टर ने उन्हें बस से उतार दिया।
100 रुपये का नोट देख कंडक्टर ने उनसे खुल्ले पैसे मांगे। जब मंत्री ने कहा कि उनके पास खुल्ले पैसे नहीं है तो कंडक्टर ने अपना कैश बैग दिखाते हुए कहा कि उसके पास भी छुट्टा पैसे नहीं है। ऐसे में आगे उसने कहा कि अगर उनके पास छुट्टा पैसे नहीं है तो वह बस से उतर जाएं।

