संवाददाता वंदना शाहजहांपुर
शाहजहांपुर में गुरूवार दोपहर दो बजे एक नवविवाहिता अपने पति को आम का जूस लेने भेजकर फरार हो गई। पति उसे दो दिन पहले ही लखीमपुर से शादी कर घर लाया था। महिला अपने साथ करीब एक लाख रुपये के जेवर भी ले गई। पति ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी किसी अनजान व्यक्ति के साथ भागी है, जिससे उसे लगातार फोन आ रहे थे।
यह घटना पुवायां थाना क्षेत्र के एक गांव की है। 21 वर्षीय युवक अपनी पत्नी को चूड़ियां पहनाने के लिए गुरुवार दोपहर राजीव चौक बाजार लाया था। बाजार में पत्नी ने पति से आम का जूस लाने को कहा। पति जूस लेने चला गया और पत्नी वहीं खड़ी रही।
करीब 20 मिनट बाद जब पति जूस लेकर वापस लौटा, तो पत्नी वहां नहीं मिली। उसने बाजार में कई जगह तलाश की और लोगों से पूछताछ भी की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। उस समय पत्नी ने लगभग एक लाख रुपये मूल्य के जेवर पहने हुए थे।
पीड़ित युवक की शादी लखीमपुर जिले की युवती से 7 जुलाई को हुई थी। वह 8 जुलाई को दोपहर दो बजे अपनी पत्नी को विदा कराकर घर लाया था। पति का आरोप है कि बाजार आते समय पत्नी के मोबाइल पर एक अनजान नंबर से लगातार फोन आ रहे थे। उसे शक है कि पत्नी उसी व्यक्ति के साथ भागी है।
पीड़ित पति ने इस संबंध में थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी आरके रावत ने बताया कि यह प्रकरण उनके संज्ञान में नहीं है और तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

