बिसौली। संविलयन विद्यालय हर्रायपुर में बुधवार को “निपुण प्रदेश की ओर एक कदम” के तहत शिक्षा चौपाल का आयोजन समारोह पूर्वक किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि राजेंद्र प्रसाद द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद, ग्राम प्रधान धर्मपाल एवं प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष मधुकर उपाध्याय द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इस दौरान विद्यालय की छात्राओं द्वारा मां सरस्वती की वंदना की गई। मुख्य अतिथि राजेंद्र प्रसाद ने शिक्षकों से बच्चों को बेहतर शैक्षिक माहौल और अच्छी शिक्षा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि निपुण भारत मिशन के तहत सरकारी विद्यालयों की व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। विकास क्षेत्र की एआरपी रानी ने शिक्षकों छात्र-छात्राओं अभिभावकों एवं जन समुदाय के बीच संवाद बढ़ाकर शिक्षा की गुणवत्ता में किस प्रकार सुधार लाया जा सकता है इस पर विचार व्यक्त किये। विद्यालय के प्रधानाध्यापक कुंवरसेन ने उपस्थित अभिभावकों को डीबीटी के धन का उपयोग बच्चों पर ही करने के लिए प्रेरित किया। गत सत्र के 212 दिन शत- प्रतिशत उपस्थिति देने वाले विद्यालय के 34 छात्र छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर रोटरी क्लब द्वारा उपलब्ध कराए गए आईडी कार्ड का भी छात्र-छात्राओं में वितरण किया गया। कार्यक्रम में राहुल कुमार यादव, अमित चतुर्वेदी, अंतू सिंह, शोभित यादव, सीमा रानी, प्रभाकर सक्सेना, अंजली सिंह, भूपेंद्र सिंह, सुबोध मिश्रा, सत्यपाल सिंह, सोनम, अंशु यादव, योगेंद्र, चित्रा, उमेश चंद्र, हिमानी वार्ष्णेय, अंजुम बुशरा, राजेंद्र, विनोद यादव, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष वीरपाल सिंह, ममता, शिव कुमारी, राजकुमारी आदि मौजूद रहे।

