मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के देवगांव निवासी संतोष पटेल ने MPPSC की परीक्षा पास कर ग्वालियर के बेहट में डीएसपी (SDOP) का पद हासिल किया है। बचपन में घोर आर्थिक संकट का सामना करने वाले संतोष ने परिवार का पेट पालने के लिए अपने माता-पिता के साथ पत्थर तोड़ने, जंगल से तेंदूपत्ता बीनने और बारिश में पौधे लगाने जैसे मजदूरी के काम किए थे।
कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने पढ़ाई नहीं छोड़ी और 10वीं में 92% अंक प्राप्त किए। 12वीं के बाद IIT में असफलता मिलने पर उन्होंने भोपाल के सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज से सिविल इंजीनियरिंग पूरी की। बाद में एमटेक की पढ़ाई के दौरान उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की।
सबसे पहले उनका चयन वन रक्षक के पद पर हुआ था। तैयारी के दौरान संतोष ने संकल्प लिया था कि जब तक उन्हें ‘लाल बत्ती’ वाली नौकरी नहीं मिलेगी, वह अपनी दाढ़ी नहीं बनाएंगे। सेल्फ-स्टडी और कड़ी मेहनत के दम पर, उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में ही राज्य लोक सेवा आयोग (PSC) की परीक्षा पास कर ली और डीएसपी का पद हासिल किया।

