बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद बनने को लेकर जबर्दस्त सियासी बयानबाजी हो रही है। तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार के इस्तीफे और राजनीतिक घटनाक्रम पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे जनता के साथ धोखा बताते हुए कहा कि भाजपा के दबाव में नीतीश को इस्तीफा देने पर मजबूर किया गया और अब अगला मुख्यमंत्री महज एक ‘रबड़ स्टैम्प’ होगा। तेजस्वी ने निशांत (नीतीश कुमार के बेटे) के राजनीति में आने का समर्थन करते हुए कहा कि जदयू के भीतर ही कुछ लोग भाजपा से मिलकर पार्टी को खत्म करना चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि वे पहले ही मुख्यमंत्री बदलने की भविष्यवाणी कर चुके थे और वर्तमान हालातों को देखते हुए उनकी सहानुभूति नीतीश कुमार के साथ है।

