उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ की एनडीए सरकार के पंचायती राज मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने गाजियाबाद में नाबालिग सूर्या चौहान की हत्या करने वाले असद की एनकाउंटर में मौत को लेकर सवाल उठाने पर समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव को निशाना बनाया है।
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अमीक जामेई ने एक्स पर एक पोस्ट में असद की मुठभेड़ में मौत पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा है कि क्या यह सही नहीं कि असद को पुलिस ने डिटेन कर रखा था बाद में उसका फुल एनकाउंटर हुआ? ओमप्रकाश राजभर ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा है, ‘अखिलेश यादव जी, जरा अपने प्रवक्ताओं को इंसानियत का पाठ पढ़ाइए! बकरीद पर आपके वोटर असद ने मासूम सूर्या चौहान की कुर्बानी दे दी और सोशल मीडिया में फक्र से वीडियो डालता रहा। जब पुलिस ने उसे मुठभेड़ में ठोंका तो आपके प्रवक्ता छाती कूट रुदाली गान करने लगे। कह रहे हैं कि उन्हें ऐसी कानून व्यवस्था नहीं चाहिए। तो कैसी व्यवस्था चाहिए आपको? क्या पीडीए यानी ‘पीट देगा अहीर’ और ‘पीट देगा अल्पसंख्यक’ (सपाई) वाली व्यवस्था चाहिए?’

