यूपी विधानसभा चुनाव की आहट सुन सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर भी बिसात बिछाने में जुट गए हैं। उनकी नजर उन 62 सीटों पर है, जिस पर उनके समर्थन से जीत कर विधायक चुने गए हैं। ओपी राजभर एनडीए से उन्हीं सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा पेश करेंगे। हालांकि, उन्होंने ये भी कहा कि अगर कम सीटें मिलीं तो भी मलाल नहीं रहेगा। वे उसी पर संतोष कर लेंगे। सुभासपा प्रमुख गुरुवार को जौनपुर पहुंचे थे। यहां उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर भी राजनीतिक हमला किया।
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि जब वे भारतीय जनता पार्टी के साथ थे, तो 325 सीटों पर जीत हुई थी। वहां से हटकर जब सपा के साथ आए तो उस समय उनके पास 47 सीट ही थी। कांग्रेस जैसी राष्ट्रीय पार्टी के साथ सपा का गठबंधन था। सुभासपा से गठबंधन होते ही पूर्वांचल की करीब 62 सीटों पर जीत सुभासपा के दम पर हुई। गठबंधन की सीटें 47 से बढ़कर 125 हो गईं। अब वे सपा गठबंधन में नहीं हैं। सपा उन 62 सीटों को कैसे जीतेगी?

