मध्य प्रदेश के शिवपुरी में नगर पालिका से जुड़ा एक बड़ा भ्रष्टाचार मामला सामने आया है। यहां पदस्थ बाबू भगवान लाल को लोकायुक्त पुलिस ने 40 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
मामले के अनुसार, आरोपी बाबू ने अपने ही विभाग के निलंबित कर्मचारी हरि बल्लभ चंदोरिया से बहाली कराने के बदले 60 हजार रुपये की मांग की थी। बाद में सौदा 40 हजार रुपये में तय हुआ।
पीड़ित ने इस मामले की शिकायत लोकायुक्त पुलिस ग्वालियर से की, जिसके बाद टीम ने जांच कर कार्रवाई की योजना बनाई।
योजना के तहत शिकायतकर्ता को तय रकम के साथ नगर पालिका भेजा गया। जैसे ही आरोपी बाबू ने पैसे लिए, लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
इस पूरे घूसकांड में नगर पालिका के CMO की भूमिका भी संदिग्ध बताई जा रही है, जिसे लेकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है।

