सीतापुर से भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी ने अपने समधी अनुज त्रिवेदी पर 25 शादियां कर ठगी करने के आरोपों पर चुप्पी तोड़ी। गुरुवार को वह बेटी डॉ. प्रज्ञा तिवारी के साथ फेसबुक पर लाइव आए।
ज्ञान तिवारी ने कहा- मैं आज विधायक के रूप में नहीं, बल्कि एक पिता के तौर पर बेटी के लिए बोल रहा हूं। मैंने बेटी को एमबीबीएस डॉक्टर बनाया। उसकी शादी अनुज त्रिवेदी के बेटे प्रखर त्रिवेदी से कराई। बाद में पता चला कि अनुज अलग-अलग नामों से कई महिलाओं से शादी करने और ठगी के आरोप में जेल भी जा चुका है।
आज हम खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। मेरी बेटी के साथ अन्याय हुआ है। अगर मेरी बेटी चाहेगी, तो मैं भी अनुज त्रिवेदी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराऊंगा। निश्चित तौर से वह दुष्ट व्यक्ति है। उसे फांसी होनी चाहिए। इस दौरान विधायक भावुक हो गए। उनकी बेटी प्रज्ञा भी रोने लगीं।
दरअसल, महाराष्ट्र पुलिस ने 24 मई, 2026 को अनुज त्रिवेदी को ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया। उस पर वैवाहिक विज्ञापनों के जरिए 25 महिलाओं से शादी कर करोड़ों की ठगी का आरोप है। फिलहाल अनुज त्रिवेदी महाराष्ट्र की जेल में बंद है। अनुज के बेटे प्रखर से प्रज्ञा की 2024 में शादी हुई थी।
सीतापुर की सेवता विधानसभा से भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी गुरुवार को दोपहर करीब 1 बजे अपनी बेटी डॉ. प्रज्ञा तिवारी के साथ करीब 4 मिनट के लिए फेसबुक पर लाइव आए।
विधायक ने कहा- 2024 में मैंने अपनी बेटी प्रज्ञा की शादी सीतापुर जिले के मिश्रिख में अनुज त्रिवेदी के बेटे प्रखर के साथ की थी। हमने कई लोगों से जानकारी ली थी। पूर्व सांसद जनार्दन मिश्रा जी से भी पूछकर हमने यह शादी की थी।
लेकिन आज हमें महसूस हो रहा है कि जिस बेटी को हमने एमबीबीएस डॉक्टर बनाया, पढ़ाया-लिखाया और इतना बड़ा किया, उस बेटी का पिता होने के बावजूद कहीं न कहीं हमसे कमी रह गई। हम खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं।

