महिला सशक्तिकरण एवं कौशल विकास को समर्पित आराध्या वूमेन एंड चाइल्ड वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में संचालित तीन माह के निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण शिविर के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त कर रही बालिकाओं एवं महिलाओं को सिलाई किट का वितरण किया गया। इस अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों को कपड़ा, धागा, रील, माप-फीता तथा सिलाई कार्य से संबंधित अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई, जिससे वे प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी ढंग से पूर्ण कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था की अध्यक्ष श्रीमती पूनम अरोड़ा ने कहा कि हमारी संस्था बच्चों और महिलाओं के लिए कार्य करती है बच्चों और महिलाओं को सशक्त करना हमारा उद्देश्य है इसी उद्देश्य से यह कार्यक्रम किया गया महिलाओं को 3 महीने का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है जिससे वह आत्मनिर्भर बन सकें।
संस्था की सचिव डॉ. दुर्गा टंडन ने
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा जब नारी के हाथ में हुनर होगा तभी परिवार का भविष्य संवरेगा।
सुई-धागा केवल वस्त्र नहीं, महिलाओं के आत्मविश्वास और आत्मनिर्भर भविष्य को भी बुनता है। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण केवल सिलाई सीखने तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं एवं बालिकाओं के जीवन में स्वाभिमान, आत्मविश्वास और आर्थिक स्वतंत्रता का नया अध्याय जोड़ने का प्रयास है। संस्था भविष्य में भी समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के लिए ऐसे जनकल्याणकारी और कौशल विकास कार्यक्रम निरंतर संचालित करती रहेगी।
प्रशिक्षणार्थियों ने संस्था के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण एवं सिलाई किट से उन्हें स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का उत्साह और आत्मविश्वास प्राप्त हुआ। कार्यक्रम का समापन महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम में आरती बजाज, रानी अरोरा,नीलम ,पूनम अरोड़ा, दुर्गा टंडन ,रितिका, रिद्धिमा आदि उपस्थित रहे।
सिलाई प्रशिक्षण शिविर में किट वितरण
Leave a Comment

